कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर तहसील अभनपुर के ग्राम पचेड़ा में राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की राजस्व से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे लोगों को तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े। शिविर के दौरान हल्का पटवारी द्वारा 40 आय प्रमाण पत्रों के प्रतिवेदन जारी किए गए। इसके अलावा कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3 मामलों में फौती नामांतरण के आदेश जारी किए गए। अधिकारियों ने अन्य आवेदनों पर भी आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। नक्शा व रकबा त्रुटि सुधार, सीमांकन और डुप्लीकेट ऋण पुस्तिका से जुड़े आवेदनों के लिए संबंधित लोगों को तहसील कार्यालय में आवेदन देने के निर्देश दिए गए। राजस्व शिविर से ग्रामीणों को अपने गांव में ही सुविधाएं मिलीं और कई प्रकरणों का त्वरित निराकरण संभव हो सका।


