बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह: अब तक 15 हजार बच्चों ने कराया परीक्षण

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़| राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह 16 दिसंबर से 21 दिसंबर तक मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान 6 वर्ष से 18 वर्ष के स्कूली बच्चों का नेत्र परीक्षण कर दृष्टिदोष पीड़ित छात्रों को चश्मा वितरित किया जाएगा। साथ ही नेत्र सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी। अभियान के पूर्व जुलाई से नवंबर तक जिले में 15 हजार 500 बच्चों का नेत्र परीक्षण किया जा चुका है। इसमें 757 बच्चे दृष्टिदोष पीड़ित पाए गए हैं। बेलबहरा और बैरागी स्कूल में मोतियाबिंद के 1-1 छात्र पाए गए हैं जिनका ऑपरेशन बैकुंठपुर में कराया गया है। नेत्र सुरक्षा के संबंध में छात्रों को जानकारी दी जा रही है कि प्रतिदिन सुबह उठकर और रात को सोते समय आंख व आंख के आसपास के त्वचा को साफ पानी से धोएं। आंख को पोंछने के लिए साफ टॉवेल, गमछे का उपयोग करें। आंख को दुर्घटना से बचाएं। आग, आतिशबाजी, खेलकूद के समय गिल्ली-डंडा, तीर-कमान चलाते समय सावधानी बरतंे। आंख में कुछ पड़ जाने पर साफ पानी से धोएं। आंख को रगड़े नहीं। पढ़ाई वाले स्थान पर पर्याप्त रोशनी हो, मोबाइल का उपयोग कम करें। खानपान में विटामिन ए युक्त फल, भोजन, हरी सब्जी का उपयोग करें। आंख में तकलीफ होने पर नेत्र चिकित्सक की सलाह लें। चश्मा उपयोग करने वाले साल में एक बार नेत्र परीक्षण अवश्य कराएं। सप्ताह में डॉ. अतीक सोनी, डॉ. सुरभि व आरडी दीवान दशरथ राम, वीरेंद्र साव, रजनीश कुमार सेवा दे रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *