भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम पुलिस के स्वामी विवेकानंद अकादमी के 9 युवाओं का सलेक्शन पैरामिलिट्री बलों में हुआ है। सभी 9 युवाओं का चयन अलग-अलग पदों पर हुआ है। ये सभी कबीरधाम पुलिस से संचालित स्वामी विवेकानंद अकादमी में ट्रेनिंग ले रहे थे। चयनित युवाओं में 6 कबीरधाम, 2 बेमेतरा और एक बिलासपुर का रहने वाला है। कबीरधाम पुलिस के स्वामी विवेकानंद अकादमी में न सिर्फ कबीरधाम बल्कि बलरामपुर, सरगुजा, बेमेतरा, बिलासपुर व अन्य जिलों के 150 से ज्यादा युवा निशुल्क ट्रेनिंग ले रहे हैं। यहां फिजिकल तैयारी के साथ लिखित परीक्षा की भी तैयारी कराई जा रही है। पुलिस विभाग के आरक्षक विक्की चंद्रवंशी, प्रदीप श्रीवास, दशरथ साहू, महिला आरक्षक नंदनी ओगरे, तुलसी चंद्रवंशी और सैनिक रीना शर्मा युवक-युवतियों को फिजिकल ट्रेनिंग दे रहीं है। युवाओं को पूरी तरह प्रशिक्षण देकर देश सेवा करने के लायक बनाया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं में देशप्रेम की भावना भी जागृत की जा रही है। पैरामिलिट्री बलों में 9 युवाओं का चयन हुआ है। इनमें कबीरधाम जिले के पोखराज चंद्रवंशी का सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल), श्रवण चंद्रवंशी का सीआरपीएफ, रंजीत कुमार का आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस), जनार्दन साहू का सीआरपीएफ, सागर श्रीवास का बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) और आरती राजपूत का सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के लिए चयन हुआ है। इसी तरह बेमेतरा जिले के दुर्गेश ध्रुव का असम राइफल्स व पूनम माथुर का बीएसएफ और बिलासपुर जिले के सूरज दास का सीआरपीएफ में चयन हुआ है।


