अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात युवती ने घर पर फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। परिवार के लोग शादी समारोह में गए थे। वापस आने पर बेटी को फंदे पर लटका देखा। फंदे से उतारकर हॉस्पिटललेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अलवर गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार पेज का सुसाइड नोट और मोबाइल जब्त किया है। घटना शहर की जादूगर कॉलोनी की है। युवती के पिता ने थाने में शिकायत दी है। पिता ने बताया- बेटी मदारपुरा निवासी युवक से प्रेम करती थी। दोनों 3 साल से एक-दूसरे को जानते थे। युवक ने बेटी से शादी करने का वादा किया था लेकिन उसकी मां, तीन बहन सहित मामा-मामी और अन्य लोगों ने मना कर दिया था। वे युवक पर भी मेरी बेटी को छोड़ने का दबाव बनाते थे। सभी लोगों से प्रताड़ित होकर बेटी ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पिता ने सभी से कार्रवाई की मांग की है। अलवर गेट थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 4 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा मृतक युवती ने सुसाइड करने से पहले चार पेज का सुसाइड नोट लिखा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जप्त कर जांच शुरू कर दी है।


