जामताड़ा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में साइबर अपराधी चंद्रदेव मंडल को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर उनके मोबाइल में एपीके फाइल भेजता था और फाइल डाउनलोड कराकर क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल करता था। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक जयंत तिर्की के नेतृत्व में टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के साउलापुर, उदयपुर के पास स्थित तालाब के नजदीक छापेमारी की। साइबर थाना के डीएसपी चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 12/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। जांच में पता चला कि यह साइबर अपराधी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


