बीएसएफ के फिजिकल से लौट रहे दो युवकों की मौत:कुतीना में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी

बीएसएफ का फिजिकल टेस्ट देकर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा कुतीना में कृष्णा मेडिकोज के सामने हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, अभिषेक (पिता महेंद्र कुमार) और राहुल अपने मामा के यहां कुतीना आए हुए थे। दोनों मोटरसाइकिल से कुतीना की ओर जा रहे थे। गांव के अस्पताल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी सीढ़ियों से जा टकराई। इस हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को उपचार के लिए नीमराना अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही माढन पुलिस के एएसआई परविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क का निर्माण कुछ दिन पहले ही हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने सड़क पर अवैध निर्माण कर लिया है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और अवैध निर्माण हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *