शिवपुरी में 5 जून 2023 को जब्त किए गए 1209 किलोग्राम डोडा चूरा मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के आदेश पर एसपी अमन सिंह राठौड़ ने मंगलवार देर रात एक टीआई (निरीक्षक) समेत 5 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। यह मामला 5 जून 2023 का है। कोलारस थाना पुलिस ने हाईवे स्थित एक होटल के पास से ट्रक जब्त किया था। ट्रक में ऊपर से दाल की बोरियां रखी थीं, लेकिन तलाशी लेने पर नीचे 62 बोरियों में कुल 1209 किलोग्राम डोडा चूरा छिपाकर रखा मिला था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत अपराध क्रमांक 173/2023 दर्ज किया था। सैंपल के 12 बैग हो गए थे गायब विवेचना के दौरान सामने आया कि जब्त किए गए डोडा चूरा के सैंपलों के 12 बैग गायब हो गए हैं। इस गंभीर लापरवाही पर हाई कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने 5 जून 2023 से 30 नवंबर 2023 तक कोलारस थाने में पदस्थ रहे थाना प्रभारियों और विवेचकों की सूची तैयार कर उनकी जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने कहा था कि संदिग्ध भूमिका वाले अधिकारियों को जांच पूरी होने तक थानों में पदस्थ न किया जाए। इन 7 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश हाई कोर्ट ने कुल 7 पुलिसकर्मियों (2 निरीक्षक और 5 उप निरीक्षक) पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कार्रवाई करते हुए 5 को लाइन अटैच किया है। इनमें निरीक्षक जितेंद्र सिंह मावई (तत्कालीन टीआई कोलारस, वर्तमान टीआई देहात), उप निरीक्षक राघवेंद्र सिंह यादव (थाना प्रभारी गोवर्धन), उप निरीक्षक हरिशंकर शर्मा (जेएसआई, कोतवाली), उप निरीक्षक अंकित उपाध्याय (वर्तमान में बालाघाट में पदस्थ) और निरीक्षक मनीष शर्मा (वर्तमान में राजगढ़ में पदस्थ) शामिल हैं। मामले से जुड़े एसआई एस.एस. जादौन और एसआई चंद्रभान सिंह भदौरिया रिटायर हो चुके हैं। अब इन सभी की विभागीय जांच चलेगी। 7 दिन में मांगी रिपोर्ट, विकास यादव को कमान एसपी ने एएसपी को मामले की प्राथमिक जांच कर 7 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी। वहीं, पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक विकास यादव को देहात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


