अशोकनगर में गेहूं और आटे के व्यापार में घाटा हुआ तो व्यापारी ने एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री डाल दी। उसने ड्रग बनाने का तरीका यूट्यूब से सीखा। इसके लिए कच्चा माल इंदौर से मंगाता था। वहीं से मिले इनपुट के आधार पर इंदौर नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की 15 सदस्यीय टीम सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे अशोकनगर में चंदेरी इलाके के कडराना गांव पहुंची। घेराबंदी करके मुख्य आरोपी प्रियांशु जैन उर्फ शानू मोदी और राघवेंद्र परमार को गिरफ्तार कर लिया। नारकोटिक्स विभाग की 15 सदस्यीय टीम ने जिस वक्त दबिश दी, प्रियांशु (31) निवासी हाट का पुरा, चंदेरी और राघवेंद्र परमार (38) निवासी कडराना केमिकल से ड्रग तैयार कर रहे थे। उन्होंने राघवेंद्र के घर में ही लैब बना रखी थी। एमडी समेत दो करोड़ रुपए से ज्यादा का माल बरामद
टीम ने मौके से एक किलो से ज्यादा एमडी, ड्रग बनाने के उपकरण, एक कार और अवैध पिस्टल बरामद की है। इस पूरे माल की कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने प्रियांशु की जो कार जब्त की है, उस पर भाजपा का सिंबल और भाजपा युवा मोर्चा चंदेरी उपाध्यक्ष लिखा है। आरोपी इसी कार से ड्रग्स सप्लाई करते थे। प्रियांशु ने बताया कि ड्रग बनाने का काम उसने करीब डेढ़ महीने पहले ही शुरू किया था। प्रियांशु का भाई हिमांशु चंदेरी में होने वाली फिल्मों की शूटिंग के दौरान मैनेजमेंट का काम करता है। वह सेटअप जमाने, खाने-पीने का सामान पहुंचाने, भीड़ इकट्ठा करने जैसे काम संभालता है। कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही टीम
दरअसल, नारकोटिक्स विभाग को इंदौर में पकड़े गए एक नशेड़ी ने बताया था कि ड्रग चंदेरी से सप्लाई हो रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पूछताछ में मध्य प्रदेश के बड़े शहरों के साथ अन्य राज्यों में भी ड्रग सप्लाई करने की बात मानी है। टीम अब उनके मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर ग्राहकों और सप्लायर की तलाश कर रही है। प्रियांशु ने नारकोटिक्स की टीम को बताया कि पहले उसका गेहूं और आटे का बड़ा व्यापार था, जो कई राज्यों में फैला था। दो बड़ी पार्टियों द्वारा पैसे हड़प लिए जाने के बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इससे उबरने और पैसा कमाने के लिए उसने ड्रग बनाने का काम शुरू कर दिया। तैयार माल इंदौर, भोपाल समेत बड़े शहरों में भेजा जाता था। कुछ ग्राहक सीधे गांव पहुंचकर भी ड्रग लेते थे। भाजपा अध्यक्ष बोले- ऐसा कोई व्यक्ति पार्टी से नहीं जुड़ा
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी ने कहा कि प्रियांशु जैन नाम का कोई भी व्यक्ति पार्टी से जुड़ा हुआ नहीं है। अक्सर लोग पुलिस की जांच से बचने के लिए अपनी गाड़ियों पर फर्जी तरीके से राजनीतिक पार्टियों के नाम लिखवा लेते हैं। ये खबर भी पढ़ें… मंदसौर में गांधीसागर के बैकवाटर एरिया में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री मंदसौर के गरोठ में गांधीसागर के बैकवॉटर एरिया में स्थित खेत में एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने यहां से 12.50 किलो क्रूड एमडी और बड़ी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं। जब्त माल की कीमत 13 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…


