मेले में हादसा: झूला संचालक पर एफआईआर दर्ज

भास्कर न्यूज | जांजगीर शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में चल रहे 15 दिवसीय मेले में झूले का एक लोहे का पार्ट गिरने से तीन लोग घायल हो गए। घटना 10 फरवरी को शाम करीब 4 बजे मेला मैदान में हुई। आकाश झूले में लोग बैठे हुए थे, जबकि कई लोग टिकट काउंटर और लाइन में खड़े थे। इसी दौरान झूले का लोहे का चद्दर अचानक नीचे गिर गया। घटना में भूमिका कश्यप 23 वर्ष निवासी मालदा थाना जैजैपुर के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें पहले शबरी अस्पताल शिवरीनारायण में उपचार दिया गया और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। चंद्रकांता कश्यप 15 वर्ष निवासी बैहागुडरू हसौद और गीताबाई साहू 50 वर्ष निवासी मेउ थाना पामगढ़ को साधारण चोटें आईं। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद थाना शिवरीनारायण पुलिस ने झूला संचालक उमेश गुप्ता पिता राजेंद्र गुप्ता निवासी सक्ती के खिलाफ लापरवाही के मामले में अपराध क्रमांक 56/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि झूले की सुरक्षा मानकों और घायलों की स्थिति की बारीकी से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और झूले से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मेला प्रबंधन को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो। स्थानीय नागरिकों ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि समय पर सावधानी नहीं बरती गई तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने प्रशासन और मेला प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *