भास्कर न्यूज |परपोड़ी नगर पंचायत कार्यालय भवन अब नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है। पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाने से कार्यालय किसी बड़े प्रशासनिक भवन जैसा प्रतीत हो रहा है। परिसर के चारों ओर किए गए पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण के प्रति निकाय की प्रतिबद्धता झलकती है।सार्वजनिक चर्चा, बैठक, विभिन्न विषयों की सुनवाई एवं अन्य आयोजनों के लिए नवनिर्मित डोम शेड तैयार हो चुका है। इसके साथ ही परिसर में एक सुसज्जित मंच का निर्माण किया गया है, जहां आम सभाएं आयोजित की जा सकती हैं। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे प्रमुख समारोहों के आयोजन में भी यह डोम शेड उपयोगी साबित होगा। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शौचालय और यूरिनल का निर्माण कराया गया है। वहीं गौ संरक्षण के उद्देश्य से गोमाता के लिए पैरा दान अभियान चलाया गया है, जिसके तहत परिसर में सुरक्षित स्थान निर्धारित किया गया है। निकाय परिसर में मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उप अभियंता के लिए आवासीय सुविधा भी विकसित की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा और तत्परता बनी रहे।


