जयपुर में 13-महीने के बच्चे का मामा ने किया किडनैप:बहन के पास सो रहे भांजे को लेकर भागा; करोड़ों रुपए फिरौती मांगने की थी प्लानिंग

जयपुर में एक 13 महीने के बच्चे का उसके मामा ने किडनैप कर लिया। बच्चा अपनी मां के साथ अपने ननिहाल गया हुआ था। देर रात आरोपी मामा घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और मां के पास सो रहे बच्चे को गोद में उठाकर फरार हो गया। घर से भागते समय उसने कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। देर रात घर के अंदर से हुई किडनैप की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो किडनैपर बच्चे को गोद में उठाकर भागते हुए नजर आया। पुलिस ने 9 घंटे बाद आरोपी मामा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर बच्चे को छुड़ा लिया। घटना शहर के खोह नागोरियान थाना इलाके की गंगासागर कॉलोनी में रात करीब 12.45 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि आरोपी बच्चे की मां प्रियंका शर्मा (26) का चचेरा भाई है। बच्चे के पिता अनिल शर्मा (30) विदेश में नौकरी करते हैं। ऐसे में उसको लगता था कि उसकी चचेरी बहन बहुत अमीर है। इसलिए उसने बच्चे को किडनैप कर करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने की प्लानिंग की थी। मां के पास सो रहे भांजे को उठाकर ले गया मामा
डीसीपी वेस्ट तेजस्वनी गौतम ने बताया- चेतन शर्मा और उसके दोस्त गौरव चौधरी को गिरफ्तार किया है। दोनों ने फिरौती के लिए ​अभिनव का किडनैप किया था। इसके लिए 1 दिसंबर को ही प्लानिंग कर ली थी। रविवार देर रात दोनों आरोपी अभिनव के नाना राजेंद्र शर्मा के घर पहुंचे थे। आरोपियों ने घर से 100 मीटर पहले बाइक को खड़ा कर दिया था। अंधेरे का फायदा उठाते हुए दीवार फांदकर अंदर घुसे। चेतन अपनी बहन के पास सो रहे अभिनव को उठाकर भागा और कमरे के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद अपने दोस्त गौरव चौधरी के साथ गलियों से होते हुए उसके कुंदन नगर स्थित किराए के मकान में पहुंचा। थोड़ी देर बाद मां की नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं दिखा। उसने कमरे का दरवाजा खोला तो बाहर से बंद था। बच्चे की मां और नाना दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपी मासूम को गोद में लेकर भागते हुए नजर आया। नाना ने थाने में दी रिपोर्ट, 9 घंटे में आरोपियों को पकड़ा
बच्चे के नाना राजेंद्र शर्मा ने खोह नागोरियान थाने में किडनैप का मामला दर्ज करवाया गया। इस पर टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों आरोपी बेकरी की दुकानों पर माल सप्लाई करने का काम करते हैं। ​बच्चे को कमरे में बंधक बनाने के बाद आरोपी चेतन शर्मा काम पर निकल गया। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि बच्चा कुंदन नगर में है। सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम वहां पहुंची तो चेतन के दोस्त गौरव चौधरी के घर में बच्चा मिला। पुलिस ने बताया- दोनों आरोपियों से पूछताछ की तो चेतन ने बताया कि अभिनव के पिता विदेश में नौकरी करते हैं। अभी 2-3 महीने से वे देश से बाहर हैं। उसे ऐसा लगता था कि उसकी चचेरी बहन बहुत अमीर है। ऐसे में प्लान किया था कि भांजे को किडनैप कर परिवार के लोगों से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *