भास्कर न्यूज | अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत शहरव्यापी सख्त अभियान शुरू किया है। इस खुफिया सूचना आधारित मुहिम का उद्देश्य गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ना, उनके सहयोगियों व रिश्तेदारों पर शिकंजा कसना, भगोड़े अपराधियों को पकड़ना और नशा तस्करी, अवैध हथियार, शराब तस्करी व वाहन चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बुधवार तीसरे दिन पुलिस ने 73 जगह छापेमारी कर 107 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 20 वांछित अपराधी शामिल हैं। 71 लोगों पर रोकथाम कार्रवाई की गई, जिनमें 3 सक्रिय गैंगस्टर, 68 अपराधी और 2 भगोड़े (पीओएस) शामिल हैं। बरामदगी में 5 पिस्तौल, 512 ग्राम 56 मिलीग्राम हेरोइन, 50 नशीली गोलियां और 800 रुपए ड्रग मनी शामिल है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 131 छापेमारी कर 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 29 वांछित अपराधी पकड़े गए। पुलिस ने 6 पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 523 ग्राम आईसीई ड्रग, 231 ग्राम 99 मिलीग्राम हेरोइन, 11.93 लाख रुपए ड्रग मनी, 240 बोतल अवैध शराब और एक कार बरामद की। वहीं दूसरे दिन 98 छापों में 145 लोगों को काबू किया गया। 21 सक्रिय गैंगस्टर और 29 वांछित अपराधी गिरफ्तार हुए।


