भास्कर न्यूज | जेवरतला रोड शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देने विशेष कार्यशाला हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने और परीक्षा के दौरान खान-पान व अन्य सावधानियों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य आरके देवांगन ने की। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेरक फिल्म दिखाई और अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पढ़ाई का दबाव नहीं, बल्कि स्वेच्छा से पढ़ाई करना चाहिए। व्याख्याता हेपशीबा एंथोनी ने बोर्ड परीक्षा के दौरान रखी जाने वाली सावधानी पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पेपर देखकर घबराना नहीं चाहिए, लाल और हरे स्याही का उपयोग न करें और नीली स्याही व एक ही पेन से पूरा पेपर लिखें। व्याख्याता पवन सिन्हा ने विद्यार्थियों को पेपर समाप्त होने के बाद किसी भी गलत कदम से बचने, मित्रों और परिवार से बात करने और अगले पेपर पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तुलना दूसरों से नहीं करने और हल्का शारीरिक व्यायाम करने की भी सलाह दी। व्याख्याता रेशमी साहू ने पुराने पेपर और सैंपल प्रश्नपत्र हल करने तथा बार-बार अभ्यास करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन अजय पाठक ने किया। उन्होंने भोजन और नींद पर विशेष ध्यान देने, हल्का और पौष्टिक भोजन लेने और नारियल पानी, नींबू पानी तथा जूस का सेवन करने की सलाह दी, जिससे थकान और सिरदर्द से बचा जा सके। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ वरिष्ठ शिक्षक चंद्रमणि वासनिक, टीएल देवांगन, चंद्रा देबनाथ, हर्षा देवांगन, रीना बोरकर, भागवत साहू, वेद प्रकाश साहू, महेश रावटे, रवि देवांगन, बिंदु पटेल और बिंदु साहू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


