गोड्डा में कार की टक्कर से छात्र की मौत:बाजार से लौट रहे अंकुश की स्कूटी को कार ने मारी टक्कर, मौके पर ही गई जान

गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र अंकुश कुमार की मौत हो गई। गोविंदपुर के समीप गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकुश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार अंकुश कुमार बाजार से सामान खरीदकर अपने घर गोविंदपुर लौट रहा था। इसी दौरान पीरपैंती की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उसकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी। मृतक गोविंदपुर के रहने वाले प्रताप पासवान का बेटा था। परिजनों के अनुसार अंकुश दसवीं बोर्ड की वार्षिक परीक्षा दे रहा था। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटा था। परिवार में उसकी मौत से कोहराम मच गया है। हादसे के बाद लोगों ने किया सड़क जाम घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। कुछ समय तक गोड्डा-पीरपैंती मार्ग पर यातायात बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अंकुश कुमार की मौत हुई है। दुर्घटना के बाद कार को जब्त कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सड़क जाम हटवा दिया गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *