अलवर के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़के को बहला-फुसला कर ले जाने का मामला सामने आया है। नाबालिग के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला पर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक नाबालिग का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका नाबालिग बेटा 31 अक्टूबर 2025 की रात घर पर सोया था। जब सुबह परिवार के लोग उठे तो बेटा बिस्तर में नहीं मिला। इसके बाद परिवारजनों ने आस-पास, रिश्तेदारियों और अन्य संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। खोजबीन के दौरान परिवार को यह जानकारी मिली कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला भी उसी समय से घर से गायब है। आगे जांच-पड़ताल करने पर संदेह गहराया कि उक्त महिला ही नाबालिग बेटे को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गई है। परिवादी के अनुसार नाबालिग अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गया था, लेकिन वह फोन पिछले तीन महीनों से बंद आ रहा है। नाबालिग दो भाइयों में बड़ा है और उसके लापता होने से परिवार का बुरा हाल है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नाबालिग की तलाश शुरू कर दी गई है।


