विधानसभा में आज से बजट बहस, अगले सप्ताह जवाब:अगले सप्ताह कई और घोषणाएं करेंगी दीया कुमारी; सरकार बताएगी स्टेट हाईवे टोल फ्री होंगे या नहीं

विधानसभा में आज प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद बजट पर बहस शुरू होगी। बजट पर बहस के दौरान विपक्षी कांग्रेस और सत्ताधारी भाजपा के विधायकों के बीच जमकर वार पलटवार के दौर चलेंगे। सरकारी नौकरियों की घोषणा नहीं होने और बढ़ते कर्ज को लेकर कांग्रेस, भाजपा विधायक एक दूसरे की सरकारों की कमियां-खामियां गिनाएंगे। बजट बहस शुरू होने से पहले विधानसभा में कार्य सलाहकार समिति (BAC) की बैठक में हुए फैसलों की जानकारी दी जाएगी। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग बीएसी के फैसलों का प्रतिवेदन पढ़कर सुनाएंगे। अगले सप्ताह डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी बजट बहस का जवाब देंगी। बजट बहस का जवाब देते हुए भी कई बड़ी घोषणाएं करने की परंपरा रही है, ऐसे में उस समय कई घोषणाएं होने के आसार हैं। स्टेट हाईवे टोल फ्री करने या नहीं करने पर आएगा जवाब विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान स्टेट हाईवे टोल फ्री करने या नहीं करने को लेकर सरकार का रूख साफ होगा। सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल ने स्टेट हाईवे पर छोटे वाहनों को टोल फ्री करने पर सरकार से सवाल पूछा है, इस सवाल पर प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा जवाब देंगे। वसुंधरा राजे सरकार के समय स्टेट हाईवे से छोटे वाहनों को टोल फ्री किया था। बाद में कांग्रेस सरकार ने इस फैसले को बदलते हुए फिर से छोटे वाहनों से टोल वसूली शुरू कर दी थी। राइट टू हेल्थ कानून के नियमों पर भी सरकार रूख साफ करेगी पिछली गहलोत सरकार के समय बने राइट टू हेल्थ एक्ट के नियम अब तक लागू नहीं होने के मुद्दे पर भी आज स्थिति साफ होगी। कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने राइट टू हेल्थ पर सवाल लगाया है। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर राइट टू हेल्थ के नियम लागू करने को लेकर सरकार का स्टेंड बताएंगे। इस कानून को लेकर खूब सियासी आरोप प्रत्यारोप का दौर चला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *