महाकुंभ से लौट रही बस में लगी आग:नागौर का श्रद्धालु जिंदा जला; 51 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा

प्रयागराज के महाकुंभ से लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में एक श्रद्धालु जिंदा जल गया, जबकि 51 यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में 6 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 41/200 के पास यह हादसा हुआ। रात के समय सभी यात्री सो रहे थे। अचानक बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। यूपी के फिरोजाबाद एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद बताया- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। अधिकतर यात्री मूंडवा से ही महाकुंभ गए थे
मूंडवा थाना इंचार्ज सुमन बुंदेला ने बताया कि श्रीश्याम ट्रेवल्स की यह बस मूंडवा से महाकुंभ के करीब 10 फेरे लगा चुकी थी। कंपनी का नियमित रूट प्रयागराज महाकुंभ स्नान, अयोध्या दर्शन और मथुरा दर्शन का है। इस बार भी अधिकतर यात्री मूंडवा से ही महाकुंभ गए थे। हादसे से जुड़ी 2 PHOTOS… 6 लोगों को मामूली चोटें आई
एडीएम चंपालाल जीनगर ने बताया कि फिरोजाबाद प्रशासन से सूचना मिलने पर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई। हादसे में करीब 6 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे फिरोजाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। सेल्समैन का काम करता था पवन शर्मा
पड़ोसी सुरेश कुमार ने बताया कि बस 9 फरवरी को मूंडवा से प्रयागराज के लिए निकली थी। महाकुंभ स्नान के बाद यात्री अयोध्या दर्शन और सरयू स्नान करने गए थे। वहीं से वापस लौट रहे थे। पवन शर्मा रेडिमेड कपड़ों की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। वह अविवाहित था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता ओमप्रकाश काफी समय से बीमार हैं। एक भाई कपिल शर्मा बिजली विभाग में एलडीसी है। दूसरा भाई गजेंद्र शर्मा सरकारी स्कूल में टीचर है। तीसरा भाई उमेश शर्मा प्राइवेट टीचर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *