सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, कड़ाके की ठंड:फरवरी के दूसरे सप्ताह में शीतलहरों के कारण गिरा तापमान, अगले सप्ताह भी सर्द मौसम

सरगुजा में पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे बना हुआ है। गुरुवार को पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है एवं पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बने रहने का पूर्वानुमान है। सरगुजा संभाग में उत्तरी शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड जारी है। पिछले एक सप्ताह से रातें सर्द रहीं और न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 2 फरवरी को बने पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद शीतलहरों के प्रवेश के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने लगी। हालांकि दिन के तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन रातें अब भी सर्द हैं। न्यूनतम तापमान में जारी रहेगा उतार चढ़ाव
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 9.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पहले बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री से अधिक बढ़ा है। सरगुजा के पाट इलाकों में भी गुरुवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 8 डिग्री पहुंच गया है। इसके पहले पाट इलाकों का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे था। न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी के बाद पाट इलाकों में भी ठंड से कुछ राहत मिली है। एक सप्ताह तक राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अभी न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ा है। इसके कारण दो दिनों तक न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ा हुआ रहेगा। इसके बाद फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम में लगातार उतार चढ़ाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। ठंड के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। ठंड लगने के कारण हॉस्पिटलों में मौसमी बीमारी पीड़ितों की संख्या बढ़ी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *