डीडवाना जिले की लाडनूं थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में 2 साल से फरार चल रहे टॉप-10 सूची में शामिल इनामी आरोपी दिलीपनाथ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2024 को खामियाद निवासी किशोर पुत्र अमराराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 18 फरवरी को कुछ लोग उनके भाई प्रेमाराम को घर से कैम्पर गाड़ी में उठाकर ले गए थे। बाद में प्रेमाराम की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया था। इस संबंध में लाडनूं थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। हालांकि 3 अन्य आरोपी फरार चल रहे थे, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार दिलीपनाथ इन्हीं फरार आरोपियों में से एक था और वह टॉप-10 सूची में शामिल था। पुलिस टीम दिलीपनाथ की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अलग-अलग राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। पुलिस ने हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई जैसे कई शहरों में उसकी तलाश की। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी अभियान में थानाधिकारी शंभुदयाल, उप निरीक्षक प्रेमाराम और कांस्टेबल सुखाराम सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है।


