चाईबासा| स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में सत्र 2025-26 के बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण आशीर्वचन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि से हवन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करना जीवन की मंजिल नहीं, एक पड़ाव मात्र है। जिंदगी में आगे कई परीक्षाएं आएंगी। उन्होंने परीक्षार्थियों को आगे आने वाली चुनौतियों का सामना करने की क्षमता पैदा करने हेतु रोजमर्रा की दिनचर्या को संतुलित करने की सलाह दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को अत्यंत आकर्षक एवं भावुक बना दिया। कक्षा शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए जीवन में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। मौके पर अभिभावक विनोद कुमार तिवारी, एस खोवाला तथा बजरंग प्रसाद ने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा शपथ ग्रहण किया गया तथा शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायक क्षणों से भरपूर रहा, जिसने उनके स्कूली जीवन की यादों को और भी खास बना दिया।


