राजस्थान के रींगस में गौ रक्षकों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गायों की तस्करी का एक मामला पकड़ा है। गौ रक्षकों को झुंझुनूं से सूचना मिली थी कि गौ तस्कर दो ट्रकों में गायों को भरकर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर रींगस, आभावास, महरोली और शिवम रेस्क्यू टीम के गौ रक्षकों ने तुरंत कार्रवाई की। गौ रक्षकों ने लगभग 30 किलोमीटर तक ट्रकों का पीछा किया और उन्हें रींगस के आरएसडब्ल्यूएम तिराहे पर रोका। जब पुलिस ने ट्रकों की जांच की तो एक ट्रक में 17 और दूसरे में 10 गाय-बछड़े बुरी तरह से ठूंस कर भरे हुए मिले। आभावास गौ रक्षक दल के प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल के अनुसार, ये दुधारू गायें झुंझुनूं से जयपुर के हटवाड़े में बेचने के लिए ले जाई जा रही थीं। पुलिस थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और सभी 27 गोवंश को श्री सीताराम गोशाला कुआं में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। गोरक्षक आभावास पदाधिकारी गौरीशंकर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में गौरीशंकर अग्रवाल, बंशीधर सिंगड़, सांवर मल सिंगड़, अंशुमान सिंह, कन्हैया लाल शर्मा, कमलेश शर्मा, लालचंद कुमावत सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


