यूट्यूब से सीख एक बीघा में बोये एक लाख अफीम-पौधे:फसल पकते ही पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा, 1.77 करोड़ के पौधे जब्त

जालोर के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के ऐलाना गांव में एक खेत से एक लाख 5 हजार अफीम के पौधों को जब्त किया गया। पौधों की कीमत करीब 1 करोड़ 77 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार- अफीम की फसल पक कर तैयार हो चुकी थी और आरोपी अलग-अलग गांवों में होने वाले शादी समारोहों में इसे बेचने की तैयारी में जुटे थे। मामले का खुलासा शनिवार को एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बिशनगढ थानाधिकारी निम्बसिंह के नेतृत्व के एक टीम गठित की गई। टीम ने शुक्रवार को बिशनगढ थाना क्षेत्र के ऐलाना में मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही की। जिसमें मश्राराम राजपुरोहित के खेत बालोतरा जिले के सिवाना स्थित काठाडी निवासी जगदीश उर्फ जगताराम(52) पुत्र छगनाराम लौहार, बालोतरा जिले के थानाक्षेत्र सिवाना के भागवा निवासी सकाराम(58) पुत्र रूपाराम भील के द्वारा काश्तशुदा खेत में करीब 1 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से 1 लाख 5 हजार अफीम के पौधे लगाकर खेती की जा रही थी। सूचना पर बिशनगढ़ पुलिस ने खेत में दबिश देकर पौधों को 150 जुट की बोरियों में भरकर कुल 3 हजार 153 किलोग्राम पौधों को जब्त किया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने ऐसे सीखी खेती
पूछताछ में आरोपी जगदीश ने बताया कि करीब 3-4 माह पहले चित्तौड़गढ़ के पास मंगलवाड गांव गया था। वहां से अफीम की खेती की जानकारी ली। वहां से अफीम के बीज लेकर आया। इसके बाद यूट्यूब व सोशल मीडिया से अफीम के बीज को उगाने की बारीकियों के बारे में जानकारी ली। खेत में अरण्डी की फसल के बीच में एक बीघा भूमि पर अफीम की खेती की। जिससे किसी व्यक्ति को अफीम की फसल की भनक नहीं लगे। आरोपी ने बताया कि उसका उद्देश्य ऐलाना क्षेत्र में अफीम की खेती से प्राप्त होने वाले अफीम का दूध एवं डोडा पोस्त को आसपास के क्षेत्र में शादियों, सामरोह, इत्यादि सभाओं में बेचता, और उससे होने वाली आय से दूसरी जगह पर जमीन खरीद कर अपने अफीम के व्यवसाय को मजबूत बनाना था। जालोर एसपी ने बताया- सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ नारकोटिक्स एवं नारकोटिक कन्ट्रोल ब्यूरो के क्षेत्रीय डायरेक्टर से वार्ता करने पर उनके द्वारा बताया गया कि एक एकड़ जमीन में 90 हजार अफीम के पौधे बौने का प्रावधान है। जिसमें से 25 किलोग्राम अफीम का दूध निकलता है। वहीं 182 किलोग्राम डोडा पोस्त निकलता है। इसी आधार पर अफीम के दूध की 5 लाख रुपए प्रति किलोग्राम एवं डोडा पोस्त की कीमत 15 हजार रुपए प्रति किलोग्राम के अनुसार इन जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 77 लाख 70 हजार रुपए मानी गई। पुलिस की ओर से कार्रवाई टीम में बिशनगढ थानाधिकारी निम्बसिंह, हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार, चेतनराम डुंगराराम, कॉन्स्टेबल परबतसिंह, गंगाविशन, बद्रीनारायण, हडमानाराम, खेताराम, विरमाराम, विरमसिंह व मुकेश कुमार मौजूद रहे। वहीं विशेष भूमिका में कॉन्स्टेबल नैनाराम रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *