राज ऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय अलवर के कुलपति शील सिंधु पांडे और यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमंत चावड़ा ने फोन पर एक दूसरे को धमकी भरी लहजे में चेताया है। चावड़ा ने एक बीएसी द्वितीय वर्ष की छात्रा की RTI से प्राप्त रसायन विज्ञान विषय की उत्तरपुस्तिका में मिली गड़बड़ी के मामले में बातचीत की थी। छात्रा को 50 में से केवल 2 अंक दिए गए थे। जबकि उत्तरपुस्तिका में 29 पेज में तीन सवालों के जवाब थे। कम अंक देने को लेकर दोनों के बीच फोन पर तनातनी हुई। इस बातचीत में छात्र नेता कहा कि गड़बड़ी करने वाले कुलपति को पद पर नहीं रहने दूंगा। जवाब में कुलपति ने कहा कि तुम्हारी डिग्री भी मैं रिव्यू कर लूंगा। दोनों के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल भी है। दोनों के बीच की बातचीत : सुमंत चावड़ा : मैं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को आपकी शिकायत करूंगा? कुलपति : तुम्हे जो करना है वो करो, तुम गलत आदमी से पंगा लेने की कोशिश कर रहे हो। तुम्हारी डिग्री को भी मैं रिव्यू कर लूंगा। चिंता मत करना। गलत आदमी से पंगा लेने की कोशिश कर रहे हो। सुमंत चावड़ा : आप धमकी दे रहे हो। इसका मतलत ये है। कुलपति :तुम दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हो। गर्वनर आ रहे हैं तो दबाव बनाने में लगे हो। तुम्हे जो लगे करो। तुम्हे जो करना है करो मैं देख लूंगा। सुमंत चावड़ा : आपने 14 को कॉपी दी और 15 को आ गए, हम धरना देंगे। मंत्री को शिकायत करेंगे। हम आपके उज्जैन के घोटालों को राजभवन तक उजागर करेंगे। कुलपति : तुम पहले भी पहुंचा लिए। दुबारा भिजवा दो। सुमंत चावड़ा : छात्रों के साथ अन्याय करोगे तो मैं आपको कुलपति पद पर नहीं रहने दूंगा। ये मेरी चेतावनी है? कुलपति :अब तुम मेरे को फोन मत करना । सुमंत चावड़ा :फोन करूंगा। छात्र हित में फोन करूंगा। जवाब देना आपका फर्ज है।


