भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिला मुख्यालय स्थित कचहरीपारा में पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व मातृशक्ति ने उपस्थित होकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक नागेश नाथ योगी व अध्यक्षता कृष्णबिहारी जायसवाल ने की। मुख्य वक्ता नागेश नाथ योगी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एक समर्पित राजनेता, प्रखर विचारक और कुशल संगठक थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति पर आधारित एकात्म मानववाद का सिद्धांत प्रस्तुत कर राजनीतिक और सामाजिक जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने कम समय में संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कृष्णबिहारी जायसवाल ने कहा कि एकात्म मानववाद का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान है। केंद्र सरकार गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित व आदिवासी वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। कार्यक्रम में देवेंद्र तिवारी, मोहित पैकरा, बसंत राय, राजेश सिंह, शैलेष शिवहरे, पंकज गुप्ता, कपिल जायसवाल, गायत्री सिंह, शारदा गुप्ता, प्रदीप तिवारी, मंजू जिवनानी, तीरथ राजवाड़े, वर्षा साहू, गणेश यादव आदि मौजूद रहे।


