सम्मेलन: चिरमिरी में 20 लाख से बनेगा मितानिन भवन

बैकुंठपुर | एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां स्थित जनपद ग्राउंड में मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। सम्मेलन में जिला व विकासखंड स्तर के जनप्रतिनिधियों सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में मितानिन बहनों की उपस्थिति रही। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने मितानिनों के कार्यों की सराहना कर कहा कि उनकी सेवा और समर्पण अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि मितानिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मंत्री ने भावनात्मक अंदाज में कहा कि वे स्वयं को मितानिन बहनों का भाई और बेटा मानते हैं और उनके कार्यों को सदैव स्मरण रखते हैं। उन्होंने बताया कि मितानिन सरकारी कर्मचारी नहीं होते हुए भी निस्वार्थ भाव से कार्य करती हैं और केवल प्रोत्साहन राशि पर सेवाएं देती हैं। बीजापुर और जशपुर जैसे दुर्गम व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मितानिनों ने पहुंचकर सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धरम पाल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धनंजय पांडे, खड़गवां जपं अध्यक्ष, सरपंच व अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *