भास्कर न्यूज | चिरमिरी गोदरीपारा स्थित लिटिल फ्लावर एकेडमी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर रामनरेश राय शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य आनिंदो लाहिड़ी ने की। दिशानी सेन गुप्ता ने नृत्य का माध्यम से सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। केजी कक्षा के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने संबलपुरी, राजस्थानी, बांग्ला और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी। प्राचार्य आनिंदो लाहिड़ी ने विद्यालय की स्थापना और विकास यात्रा पर कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारना है। कक्षा पहली से 11वीं तक के विद्यार्थियों को विभिन्न हाउस में विभाजित कर खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मुख्य अतिथि महापौर रामनरेश राय ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना कर कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता पाने अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्टूडेंट ऑफ द ईयर का पुरस्कार छात्रा श्रेया सिंह को दिया। वहीं शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया। इंटर हाउस प्रतियोगिताओं में विजेता हाउस को ट्रॉफी दी गई। खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को गोल्ड मेडल और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।


