बारां में गौसेवकों पर लाठीचार्ज का मुद्दा बैठक में उठाया:एसपी ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन, त्योहारों से पहले कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा

बारां में आगामी त्योहारों के मद्देनजर बुधवार शाम को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। मिनी सचिवालय सभागार में हुई इस बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था, शांति और सौहार्द बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रताप चौक पर धरना दे रहे गौसेवकों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने कानून-व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लिए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। रात 10 बजे बाद डीजे नहीं बजाने का सुझाव
बैठक में सुझाव दिया गया कि रात्रि 10 बजे के बाद शादी-समारोह में डीजे नहीं बजाया जाए। साथ ही, विवाह समारोह के बाद कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डाला जाए और शहर में यातायात को सुचारु किया जाए। शहर के प्रताप चौक पर धरने-प्रदर्शन के स्थान पर अन्य जगह प्रदर्शन स्थल के निर्धारण पर भी चर्चा हुई, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो। गौसेवकों के प्रदर्शन पर हुए लाठीचार्ज के संबंध में एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गौसेवकों की मांगों को मानते हुए नगर परिषद नियाना ट्रेचिंग ग्राउंड में मृत मवेशियों के लिए शीघ्र ही एक बड़ा पिट चिन्हित कर उसके चारों ओर 6 फीट ऊंची दीवार बनाकर ढका जाएगा। इसके अतिरिक्त, मृत मवेशियों को जलाने के लिए केंद्र हेतु साढ़े चार करोड़ रुपए की निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। एसपी अभिषेक अंदासु ने होली और धुलंडी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया, ताकि त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके। इस अवसर पर एडीएम भंवरलाल जनागल, एएसपी राजेश चौधरी, समाजसेवी नरेश सिकरवार, पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, आनंद गर्ग, राजेंद्र नागर, ओमप्रकाश पारेता, राकेश जैन सहित शांति समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। धरना दे रहे गौसेवकों पर लाठीचार्ज की घटना निंदनीय
शांति समिति की बैठक में हाल में गौहत्या के मामले में प्रताप चौक पर धरना दे रहे गौसेवकों पर हुए लाठीचार्ज की घटना का मामला भी जमकर उठा। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने इसे निदंनीय बताया। भाजपा नेता राकेश जैन ने का कि गौसेवकों की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया जा रहा था, फिर पर उन पर लाठीचार्ज क्यों और किसके आदेश पर किया गया। वहीं नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल ने कहा कि धरने के दौरान गौसेवकों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद गौसेवकों को पकड़कर थाने ले जाकर उनसे मारपीट की गई। इससे सरकार की भी बदनामी हो रही है। उन्होंनें कहा कि डीएसपी व सीआई के बात करने का रवैया भी गलत है। भाजपा नेताओं से भी अभद्र व्यवहार किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *