जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। गाली-गलौच की बात पर विचाराधीन बंदियों में मारपीट हुई। जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को काबू कर सेल में बंद किया गया। हमले में घायल एक बंदी का SMS हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। लालकोठी थाने में जेल प्रशासन की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है। SHO (लालकोठी) प्रकाश राम विश्नोई ने बताया- जेल प्रशासन की शिकायत पर दो मामले दर्ज किए गए हैं। शिकायत में बताया- वार्ड नंबर-11 की सेल में विचाराधीन बंदी पुनित, नरेन्द्र उर्फ लाली, सचिन, कन्हैया, कोमल और योगेश ने दोपहर करीब 1 बजे उसी वार्ड की सैल में बंद विचाराधीन बंदी राहुल के साथ मारपीट की। नुकीले पत्थर से हमला कर लात-घुसों से मारपीट की। कारापाल प्रबंधक अशोक पारीक सहित जेल प्रशासन मौके पर पहुंचा। बंदियों को काबू पाने के लिए अलार्म बजाकर अतिरिक्त फोर्स बुलाई। इनकी मदद से बंदियों को काबू कर विशेष सेल में बंद किया गया। घायल बंदी राहुल के सिर-पैर में चोट लगने पर SMS हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। झगड़े पर किया था ट्रांसफर पुलिस को जांच में पता चला कि जेल के वार्ड नंबर-2 में विचाराधीन बंदी राजेश के साथ सुबह करीब 9:15 बजे विचाराधीन बंदी राहुल ने तीन साथी राहुल, महेन्द्र व मानव के साथ मिलकर मारपीट की। पत्थर से हमला कर बंदी राजेश का सिर फोड़ दिया। इस कारण सिक्योरिटी को देखते हुए बंदी राहुल व उसके साथियों को वार्ड नंबर-11 की सैल में ट्रांसफर किया गया था। जहां बंदी राहुल का सैल में बंद अन्य विचाराधीन बंदियों से झगड़ा हुआ। गाली-गलौच को लेकर झगड़े पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार को जेल के अंदर बंदियों के बीच हुए दोनों झगड़े का कारण गाली-गलौच है। सुबह बंदी राजेश और राहुल में गाली-गलौच को लेकर एक-दूसरे से झगड़ा हुआ था। वहीं, दूसरा झगड़े में बंदी पुनित ने पूछताछ में बताया- वह हरियाणा की कौशल गैंग से संबंध रखता है। विचाराधीन बंदी राहुल की ओर से उसके भाई कौशल के लिए गाली-गलौच की गई। इस कारण राहुल से मारपीट हुई।


