लुधियाना के खन्ना पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की करीब 1 करोड़ 57 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में की गई। फ्रीज की गई संपत्ति की रिपोर्ट आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अथॉरिटी, नई दिल्ली को भेज दी गई है। इसके बाद संपत्ति को अटैच किया जाएगा। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि जसदेव सिंह उर्फ जस्सा, निवासी नागरा कॉलोनी, माछीवाड़ा साहिब, के खिलाफ वर्ष 2015 से अब तक नशा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से भुक्की, अफीम और हेरोइन की तस्करी में लिप्त था। नशे की कमाई से उसने करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित की थी, जिसे फ्रीज कर दिया गया है। इसी तरह बलजिंदर सिंह, निवासी दुधाल रोड, मलौद, के खिलाफ 16 सितंबर 2025 को 54 किलो भुक्की की तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि उसने नशे के कारोबार से करीब 29.50 लाख रुपए की संपत्ति बनाई थी, जिसे अब फ्रीज कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस न केवल तस्करों को गिरफ्तार कर रही है, बल्कि नशे की कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई कर रही है, ताकि नशा तस्करी की जड़ों को खत्म किया जा सके।


