अलवर शहर के अल्कापुरी में सरकारी बोरवैल करते समय करीब 800 फीट नीचे से पानी-मिट्टी के प्रेसर के साथ चांदी जैसी धातु के टुकड़े निकले। ये देख सबसे पहले बोरवैल करने की मशीन पर काम कर रहे मजदूर ही चांदी जैसे पत्थर को लूटने लगे। उनको देख आसपास के दुकानदार भी आ गए। यहां से लोग करीब 10 से 15 किलो वजन के चांदीनुमा पत्थर ले गए। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि कि बोरिंग में नीचे से आए चमकीले पत्थरों में चांदी कितने प्रतिशत है। बोरिंग करने वाले शाहरुख खान ने बताया कि 800 फीट गहरी बोरिंग की है। यहां आखिरी में 20 फीट की खुदाई हुई तक यह चमकीला पत्थर आया है। आम तौर पर भी बोरिंग के नीचे से अलग-अलग तरह के पत्थर आ जाते हैं। लेकिन यह कुछ अलग हैं। इसमें धातु हो सकती है। कुछ कहा नहीं जा सकता है। जिसके कारण यहां आसपास के काफी लोग पानी व मिट्टी के अंदर से ढूंढ़कर चमकीले पत्थर के टुकड़े लेकर गए हैं। आखिरी में करीब 5 से 10 प्रतिशत ऐसा पत्थर आया है। मशीन पर काम करने वाले ऑपरेटर भरत प्रजापत ने बताया कि हम कुछ नहीं कह सकते कि यह सिल्वर है। अभी 800 फीट के आसपास बोर नीचे गया उसके बाद यह पत्थर आया है। चमकीले पत्थर एकत्रित कर रहा युवक महेश चंद सैनी ने बताया कि ये पता नहीं दिखने में लगता है चांदी या सोना हो सकता है। कुछ लोग लूट ले गए। करीब 15 किलो के आसपास पत्थर ले गए। कुछ बोरिंग वाले लूट ले गए।


