अलवर में फुलेरा दूज पर सैनी समाज की ओर से 16 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। विवाह से पहले समाज द्वारा बालिकाओं के लिए मेहंदी, रंगोली और फेंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम विजेता को वॉशिंग मशीन, द्वितीय विजेता को 32 इंच एलईडी टीवी और तृतीय विजेता को प्रेशर कुकर पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक प्रतियोगिता में 11 प्रतिभागियों का लकी ड्रॉ निकालकर उन्हें भी पुरस्कृत किया जाएगा। अब तक करीब 200 बालिकाएं इन प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। समाज के महामंत्री पदमचंद सैनी ने बताया कि 15 फरवरी को प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि 19 फरवरी को सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव होंगे, वहीं विशिष्ट अतिथि वन राज्य मंत्री संजय शर्मा रहेंगे। 19 फरवरी की सुबह 11 बजे काशीराम चौराहे से 16 दूल्हों की बारात निकाली जाएगी, जो प्याज मंडी पहुंचेगी। इसी स्थान पर सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न होगा। महामंत्री ने बताया कि यह सैनी समाज का 29वां सामूहिक विवाह सम्मेलन है। इससे पहले समाज द्वारा 830 शादियां करवाई जा चुकी हैं। कई परिवारों में माता-पिता और उनके बच्चों की शादी भी इसी सम्मेलन के माध्यम से हुई है। इस बार सभी समाजों के अध्यक्षों को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।


