कागड़ा के चनौर स्कूल में मिड-डे मील वर्कर की हत्या:बच्चों को कमरे में बंद कर बचाया, जबतक आसपास के लोग पहुंचे आरोपी फरार

कांगड़ा जिले के देहरा के ग्राम पंचायत चनौर स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। स्कूल में मिड-डे मील बना रही 58 वर्षीय सुलोचना देवी की अज्ञात हमलावर ने दराती से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्कूल की सेंटर हेड टीचर सरिता देवी के अनुसार, बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वे बाहर आईं तो उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति सुलोचना देवी पर दराती से हमला कर रहा है। अध्यापकों ने तुरंत बच्चों को कमरों में बंद कर सुरक्षित किया और हमलावर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह उन पर भी हमला करने लगा। चीख पुकार और सूचना पर पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौर के अध्यापक भी मौके पर पहुंचे और पत्थर मारकर आरोपी को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डाडासीबा अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्कूल परिसर में हुई इस वारदात को लेकर अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है, ताकि क्षेत्र में शांति स्थापित की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *