खंडवा में प्रति वर्ष लगने वाले नवचंडी मेले का शुभारंभ शनिवार रात हो गया। झूली-चकरी सहित कुछ दुकानें लग गई हैं। फिलहाल बड़ा झूला लगाने का काम जारी है। मेला एक-दो दिन में पूरी क्षमता के साथ लगेगा। खास बात यह है कि पहली बार मेला आयोजक नगर निगम है। निगम ने टेंडर जारी कर करीब 25 लाख रूपए में टेंट कारोबारी संतोष सोनी को ठेका दिया है। ठेकेदार संतोष सोनी के मुताबिक, मेले का संचालन 3 अप्रैल तक होगा। शनिवार को मां नवचंडी मंदिर में महंत बाबा गंगाराम के साथ पूजा-अर्चना की। शाम ढलते ही मेले में लाइटिंग चालू कर दी गई। 40 फीसदी दुकानें लग गई हैं, बाकी दुकानें एक-दो दिन में लग जाएंगी। 36 हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से मेला प्रांगण की निगरानी की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रांगण के चारों तरफ टीन की बाउंड्री की है। स्वागत द्वार और पुलिस सहायता केंद्र तैयार हो चुका है। फिल्म स्टार नाइट समेत अन्य कार्यक्रम तय नहीं
अब तक मेला आयोजन की शुरुआत में सभी कार्यक्रम फायनल होते आए हैं। हालांकि इस बार आयोजक बाबा गंगाराम ना होकर नगर निगम है। मेले के दौरान फिल्म स्टार नाइट, कवि सम्मेलन, गम्मत समेत कई प्रोग्राम होते हैं। फिलहाल इन कार्यक्रमों को फायनल नहीं किया गया है। निगम अफसरों के मुताबिक, अगले हफ्ते कार्यक्रम तय कर दिए जाएंगे।


