मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए एक बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। नई पेंशन योजना (NPS) के तहत आने वाले सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे। विभिन्न विभागों के संगठनों ने मिलकर अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा बनाया है, जिसमें पुरानी पेंशन बहाली, वरिष्ठता और पारिवारिक पेंशन जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। संयुक्त मोर्चा द्वारा चरणबद्ध आंदोलन के चौथे चरण में रविवार को प्रदर्शन किया जा रहा है। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रांताध्यक्ष परमानंद डेहरिया इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। साथ ही, NMOPS के सभी जिला अध्यक्ष भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। मोर्चा का कहना है कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली न केवल वर्तमान कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करने का मामला है। इसलिए सभी नियमित और विनियमित कर्मचारियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।


