उमरिया में विदेशी पर्यटकों की ले जा रही इनोवा में अचानक आग लग गई। इससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना शनिवार शाम 7 बजे मानपुर थाना क्षेत्र की ताला चौकी क्षेत्र के पास की है। बताया गया कि कार बांधवगढ़ नेशनल पार्क में नाइट सफारी के लिए जा रही थी। गाड़ी में सवार दो विदेशी पर्यटक और चालक सुरक्षित हैं। तीनों ने तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही ताला और मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही इनोवा कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले के अनुसार, सभी पर्यटकों को सुरक्षित वैकल्पिक वाहन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।


