बाइक सवार बदमाश ने पहले बुजुर्ग महिला को गांव छोड़ने के बहाने साथ में बैठाया। फिर पंक्चर का बहाना कर उसके गले से चेन छीनकर भाग गया। घटना बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके कगाऊ-मालपुरा फांटा के पास की है। बुधवार को रिपोर्ट देने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि ये चोर अपनी ही दादी की चेन चुरा चुका है। इसके साथ ही, गलियों में खेल रहे बच्चों के गले से धागा काटकर चांदी के आइटम ले कर भाग जाता था। गांव छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया पुलिस के अनुसार, कगाऊ निवासी हनुमानराम पुत्र बांकासर ने 11 फरवरी को पुलिस थाना सदर में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि 9 फरवरी की शाम के समय माता चुनी देवी अपना इलाज नोखड़ा हॉस्पिटल में करवाने के लिए गई थी। वहां से वापस गांव आने के लिए बस का इंतजार कर रहीं थी। तभी एक युवक राजुराम पुत्र केसाराम बाइक लेकर आया। कहा कि मैं कगाऊ छोड़ देता हूं। बस आने से पहले छोड़ दूंगा। विश्वास कर बुजुर्ग महिला उसके साथ बाइक पर बैठ गई। पीछे आकर धक्का दिया गले पर झपट्टा मारा रिपोर्ट में बताया- मालपुरा फांटा से एक किलोमीटर पहले बाइक पंचर होने का बहाना बनाकर मेरी मां को नीचे उतार दिया। पैदल-पैदल मालपुरा फांटा की ओर जाने लगी तभी राजुराम के मन में लालच आया। करीब 500 मीटर पीछा कर बुजुर्ग महिला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। गले में पहनी सोने की चेन को तोड़कर कर भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। आरोपी की तलाश शुरू कर दी। अपनी ही दादी की चेन चुरा चुका एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आईपीएस (प्रोबेशनर) पुलिस थानाधिकारी मंजु चौहान के नेतृत्व में एसआई बगडूराम के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और सूचना के आधार पर आरोपी राजूराम (22) पुत्र केसाराम निवासी बांकासर सरली को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पहले भी अपनी दादी की चेन चुराना व दो छोटे खेलते बच्चों के गले में पहने चांदी के आइटम ले जाने की वारदात करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी माल बरामदगी का प्रयास कर रही है। कार्रवाई में एएसआई गोरधनराम, हैड कांस्टेबल परमवीर, कांस्टेबल सुरेश कुमार, शंकरसिंह, हनुमानराम, अशोक कुमार, भरत कुमार, मघाराम शामिल है।


