छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार 13 फरवरी दोपहर 1.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। छत्तीसगढ़ का शिमला एवं मिनी तिब्बत के रूप में मशहूर मैनपाट में महोत्सव के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह महोत्सव तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी, बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर सहित कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मैनपाट के रोपाखार जलाशय के पास महोत्सव स्थल पर मंच, अतिथियों एवं नागरिकों की बैठक व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली गई है। गुरुवार को कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल सहित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस वर्ष महोत्सव के दौरान एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे। तीनों दिन सजेगी सितारों से सजेगी शाम
मैनपाट महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम अध्यक्ष एवं प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि होंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में लोक गीत और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रथम दिन 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों का उत्साह बढ़ाएंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगे। द्वितीय दिवस 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और ’इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से शाम को यादगार बनाएंगी। वहीं समापन दिवस 15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर होंगी। इसके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साहसिक खेल और स्थानीय जायका
मैनपाट महोत्सव में एडवेंचर एक्टिविटी में पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल का आयोजन किया जाएगा। फूड ज़ोन में सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ विभिन्न लजीज पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ का शिमला ‘मैनपाट’ के प्रमुख आकर्षण
अंबिकापुर मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित मैनपाट समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर बस हिल स्टेशन है। यहाँ के प्रमुख आकर्षणों में बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, मेहता पॉइंट, मछली पॉइंट, और अनोखा जलजली शामिल हैं। यह स्थान तिब्बती संस्कृति, टाऊ की खेती और अद्भुत प्राकृतिक नजारों के लिए प्रसिद्ध है। स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
जिला प्रशासन द्वारा मंच पर नामी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय स्कूली बच्चों और क्षेत्रीय कलाकारों को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि सरगुजा के प्रतिभाओं को उचित मंच मिल और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन भी हो सके।


