कोटा शहर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रानपुर क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बदमाश कालू भड़क को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 7 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों में 2 देशी पिस्टल, मैगजीन सहित 4 अतिरिक्त मैगजीन और 5 देशी कट्टे शामिल हैं। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी थानाधिकारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। आज थाना रानपुर के थानाधिकारी भीमसिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान आसूचना के आधार पर रिको रानपुर इलाके में टाटा सफारी गाड़ी को रोककर चेकिंग की गई। वाहन में सवार कालू भड़क के कब्जे से 2 देशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर हथियारों और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर से 4 देशी कट्टे, 12 जिंदा कारतूस और 2 मैगजीन भी बरामद किए। इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच कर रही है। कार्रवाई में थाना रानपुर और आरकेपुरम पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।


