सक्ती जिले के सकरेली कला में जिला विकास निधि से लगभग 20 लाख रुपए की लागत से बनी सड़क निर्माण के 30 दिनों के भीतर ही जर्जर हो गई। सड़क दो हिस्सों में टूट गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने इसे घटिया निर्माण बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की गई थी और इंजीनियर को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन इन पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी कारण एक माह के भीतर ही सड़क टूट गई, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने 23 जून 2025 सहित कई बार जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी हैं। इन शिकायतों में निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई, भुगतान रोकने और सड़क का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक न तो जांच टीम गठित की गई और न ही सड़क की मरम्मत की गई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण एजेंसी को कथित तौर पर भुगतान कर दिया गया है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच नहीं हुई तो वे अनशन और भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


