सीकर में सामाजिक समरसता की अनूठी पहल:सफाई कर्मचारी की दो बेटियों की शादी में आएंगे हजारों लोग,सेठ अणतराम चैरिटेबल ट्रस्ट करवा रहा शादी

शादियों के सीजन के बीच सीकर में अनूठी शादी होने जा रही है। यह शादी सीकर के सफाई कर्मचारी की दो बेटियों की शादी है। इस शादी में सीकर के हजारों लोग बारात का स्वागत करेंगे। शादी में शामिल होने के लिए अयोध्या सहित देशभर से कई संत आएंगे। यह शादी सीकर का सेठ अणतराम सिंघानिया चैरिटेबल ट्रस्ट करवाने जा रहा है। शादी समारोह का आयोजन दयालबाग मैरिज गार्डन में 19 फरवरी को होगा। शादियों में समरसता के भाव को बढ़ावा देने के लिए सेठ अणतराम सिंघानिया चैरिटेबल ट्रस्ट ने यह शुरुआत की है। जो सफाई कर्मचारी राधेश्याम सारवाण की दो बेटियों निशा और निकिता की शादी करवाने जा रहा है। निशा की शादी योगेश और निकिता की शादी विशाल के साथ होगी। निशा की बारात अजमेर के कल्याणीपुरा और निकिता की बारात फतेहपुर से 19 फरवरी को 4:30 बजे पहुंचेगी। 4:30 बारात का स्वागत होने के बाद शाम 5 बजे से प्रीतिभोज और शादी के अन्य मांगलिक कार्यक्रम होंगे। शादी में श्री श्री 1008 अनंत श्री विभूषित पूज्य जगद्गुरु अर्जुन द्वाराचार्य, कृपालु राम भूषण देवाचार्य महाराज, पोकरण विधायक प्रतापपुरी, सांगलिया पीठाधीश्वर ओम दास महाराज,श्री श्री 1008 निंबार्क श्री महंत मनोहर शरण शास्त्री महाराज, चंद्रमादास महाराज और सीकर के पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती भी शामिल होंगे। शादी समारोह के कार्ड में पंचशील का जिक्र किया गया है। इसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण,कुटुंब प्रबोधन,स्व का बोध ‘स्वदेशी’ और नागरिक कर्तव्य शामिल है। सेठ अणतराम सिंघानिया चैरिटेबल ट्रस्ट शिक्षा नगरी सीकर में हमेशा से सामाजिक कार्यों में आगे रहा है। इन्होंने जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरा,भोजनशाला की शुरुआत करना, स्कूल भवनों के नवीनीकरण,गांव में लाखों रुपए खर्च करके मंदिरों का निर्माण करवाना जैसे कई काम किए हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद सिंघानिया का कहना है कि शादी समारोह में कन्या पैर पूजन का भी आयोजन होगा। वर्तमान में शादी समारोह में फिजूलखर्ची की जाती है। ऐसे में ट्रस्ट का यह संदेश है कि किसी जरूरतमंद की बेटी की शादी हो तो सभी लोग उसके सहयोग के लिए आगे आए और जरूरतमंद की बेटी की शादी भी धूमधाम से आयोजित हो। शादी समारोह के आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद के द्वारा भी बधाई संदेश भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *