रोपड़ जिले के बाइनंगल मुख्य मार्ग पर स्थित भानुपली बाजार में सोमवार को एक निजी बस ने मोटरसाइकिल सवार अरुण पुरी को टक्कर मार दी। हादसे में अरुण पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद बाजार के लोगों ने बस को मौके पर ही रोक लिया और उसके ड्राइवर और कंडक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि निजी बसें अक्सर ओवरलोड चलती हैं और क्षमता से अधिक सवारियां बिठाती हैं। उनका कहना है कि कई बार स्कूली बच्चे भी दरवाजों पर लटककर यात्रा करने को मजबूर होते हैं। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी है। भानुपली वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है


