भास्कर न्यूज | सुकमा सुकमा जिले के दोनों नगरीय निकायों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सुकमा नगर पालिका परिषद में भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी हुंगाराम मरकाम ने 1899 मतों के अंतर से कांग्रेस की कन्या दुग्गे को हरा दिया। वहीं 15 में से 11 वार्ड में भाजपा के पार्षदों ने जीत हासिल की। तीन कांग्रेस के और एक निर्दलीय पार्षद ने चुनाव जीत लिया है। इधर दोरनापाल नगर पंचायत में भाजपा की अध्यक्ष उम्मीदवार राधा नायक ने 905 वोटों से जीत दर्ज किया है। यहां से 12 वार्डों में भाजपा पार्षदों ने कब्जा जमाया तो वहीं दो वार्डों में कांग्रेस व एक में निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव जीता है। दोनों नगरीय निकायों में भाजपा का दबदबा रहा। टिकट वितरण से नाराज होकर भाजपा से बगावत कर अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय दावेदारी करने वाले लच्छूराम पोडियामी तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 15 वार्डों में कुल 1892 वोट मिले। जबकि कांग्रेस की कन्या दुग्गे 2188 वोट पाकर दूसरे नंबर रहीं। पालिका चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा था, लेकिन चुनाव के परिणाम ने साबित कर दिया कि जनता ने सत्ता के साथ जानेपरसहमतिदीहै। सुकमा नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर नजर आई। कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस और भाजपा के वोट काटने में सफल रहे। सबसे अधिक अंतर से वार्ड क्रमांक 15 में भाजपा के माड़वी हुर्रा ने जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 503 वोट मिले। यहां जीत का अंतर 321 है। वहीं वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा की कांता राठी ने महज 4 मतों से कांग्रेस की पद्मा जायसवाल को हराया है। भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने निकाय चुनावों में मिली जीत का श्रेय कार्यकर्ता को दिया है। उन्होंने कहा कि जनता से जो वादे किए थे, उसे पूरा करेंगे। इसके लिए कार्ययोजना के मुताबिक काम किया जाएगा। इस चुनाव में बागियों ने जिस प्रकार पार्टी और कार्यकताओं को बदनाम करने का कोशिश की। उसका करारा जवाब जनता ने दिया है।