आदिवासी समाज की रैली में ‘हिड़मा’ के गाने पर डांस,VIDEO:जगदलपुर पुलिस की मौजूदगी में नाचे लोग, अध्यक्ष बोले- यूट्यूब पर ऑटो प्ले हुआ था

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भूमकाल स्मृति दिवस पर निकाली गई रैली विवादों में घिर गई है। पुलिस की मौजूदगी में DJ पर नक्सली माड़वी हिड़मा के नाम पर बना गाना बजने लगा। जिस पर लोग नाचते भी नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने आयोजकों को पूछताछ के लिए भी बुलाया। वहीं, आयोजकों का कहना है कि, यूट्यूब पर आदिवासी गाना चल रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो प्ले में गलती से यह गाना बज गया। देखिए तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, भूमकाल स्मृति दिवस (10 फरवरी) पर बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आदिवासी समाज ने रैली का आयोजन किया था। रैली के दौरान डीजे पर आदिवासी गीत बजाए जा रहे थे। इसी बीच यूट्यूब के ऑटो-प्ले मोड में नक्सली माड़वी हिड़मा के नाम से जुड़ा गीत चल गया। जैसे ही यह बात सामने आई, कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़े हो गए। इंटेंशली नहीं बजाया -प्रकाश ठाकुर विवाद के बाद सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि, इंटेंशली यह गाना नहीं बजाया गया था। हम खुद इसका खंडन कर रहे हैं। DJ ऑपरेटर ने यूट्यूब पर ट्राइबल सॉन्ग सर्च किया और गाना बजा रहा था। इसी बीच ऑटो प्ले होने की वजह से यह गाना भी बज गया। उस समय किसी को कुछ समझ नहीं आया। प्रकाश ठाकुर ने कहा कि, हमें रात में 9 बजे इसकी जानकारी मिली। पुलिस अधिकारियों से भी उनकी बातचीत हुई है। उनके सामने भी अपनी बात रखी है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले को निष्पक्षता से देखने की मांग की है। मामले की जांच कर रही पुलिस इस मामले में जगदलपुर के SP शलभ सिन्हा का कहना है कि, वीडियो हमें भी मिला है। आयोजकों को बुलाकर बातचीत की गई है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि गाना कैसे और किन परिस्थितियों में बजा है। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं। कौन था माड़वी हिड़मा ? बता दें कि, माड़वी हिड़मा नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। इस पर 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित था। ये सुकमा जिले के पूवर्ती गांव का रहने वाला था। नवंबर 2025 में छ्त्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीतारामा राजू जिले में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में यह मारा गया। इसकी पत्नी राजे और 6 नक्सलियों का एनकाउंटर किया गया। हिड़मा दंतेवाड़ा में 76 जवानों की हत्या का मास्टरमाइंड था छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 2010 में 76 जवानों की हत्या हुई थी। यह नक्सल इतिहास का सबसे बड़ा हमला था। उस हमले का मास्टरमाइंड हिड़मा ही था। इसमें बसवाराजू भी शामिल रहा, जो एनकाउंटर में पहले ही मारा जा चुका है। बसवाराजू हमले के लिए बनी रणनीति की मीटिंग में शामिल हुआ था। हमले की साजिश रची थी। …………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… शाह ने तय की थी नक्सली हिड़मा की डेडलाइन: 12 दिन पहले ही मार दिया गया 76 CRPF जवानों की हत्या का मास्टरमाइंड देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में मंगलवार सुबह हुए एनकाउंटर में मारा गया है। उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों को भी ढेर कर दिया गया है। बस्तर रेंज IG सुन्दरराज पी ने पुष्टि की है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *