डीडवाना कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने नगर परिषद कुचामन में जनसुनवाई की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर भी उनके साथ मौजूद रहीं। नगर परिषद सभागार में आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने परिवाद प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल नेहरा और नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई परिवादों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करवाई।


