क्षत्रिय राजपूत अधिकारी कर्मचारी संघ झालावाड़ की बैठक गुरुवार को खंडिया पावर हाउस कैंपस में जिलाध्यक्ष घनश्याम सिंह शक्तावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 8 फरवरी को हरिश्चंद्र राजपूत छात्रावास में हुई घटना की कड़ी निंदा की गई। संघ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज झालावाड़ के 50-60 छात्रों ने छात्रावास में घुसकर वहां रह रहे छात्र-छात्राओं पर हमला किया। आरोप है कि छात्रों ने शराब के नशे में उत्पात मचाया, छात्राओं के कमरों में जाकर गालियां दीं और अभद्रता की। इस घटना से राजपूत समाज और सभी अग्रिम संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मेडिकोज छात्रों के विरुद्ध हमले की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही विधि सम्मत कार्रवाई नहीं की गई, तो राजपूत समाज के सभी अग्रिम संगठन एकमत होकर बेमियादी उग्र धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। बैठक का संचालन वरिष्ठ अध्यापक लाखन सिंह सिसोदिया ने किया। इसमें संरक्षक विक्रम सिंह शक्तावत (अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, विद्युत निगम), कुलवीर सिंह झाला, कुलवीर सिंह शक्तावत, भूपेंद्र सिंह भाटी, हुकुम सिंह शेखावत, संग्राम सिंह झाला, बहादुर सिंह खींची और संघ के अन्य गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया। यह जानकारी संघ के भूपेंद्र सिंह भाटी ने दी।


