पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे को ईडी का सम्मन जारी हुआ तो कांग्रेस ने उन्हें वापस पार्टी में आने का ऑफर दे दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने कैप्टन को कांग्रेस पार्टी में आने का न्यौता दे दिया। ईडी का सम्मन मिलने के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी कि कैप्टन ने कांग्रेस के साथ नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी हैं इसलिए ईडी ने उन्हें और उनके बेटे को सम्मन जारी कर दिया ताकि वो कांग्रेस में वापसी करने से पहले सोच लें। उधर कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी व भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष जयइंद्र कौर ने लुधियाना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि ईडी का सम्मन पहले भी था और अब भी वही है। उसका जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कहीं नहीं जा रहे हैं। वो भाजपा में हैं और भाजपा में ही रहेंगे। बाजवा व रंधावा भी दे चुके हैं कैप्टन को ऑफर कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह के चिर विरोधी रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा व प्रताप सिंह बाजवा भी कुछ समय पहले उनकी तारीफ कर चुके हैं और उन्होंने भी पार्टी में आने का ऑफर दिया था। हालांकि उसके बाद बाजवा व रंधावा ने फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह को घेरना शुरू कर दिया था।


