बलौदाबाजार के गिधपुरी थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक ने पुलिया से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जुनवानी से चिखली मार्ग पर स्थित एक पुलिया के पास गुरुवार को हुई। मृतक की पहचान टिकेश्वर उर्फ गोलू कुमार टंडन (30 वर्ष), निवासी ग्राम धाराशिव, थाना लवन के रूप में हुई है। पुलिया की रेलिंग से लटकती लाश देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। गिधपुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं जानकारी के अनुसार, टिकेश्वर मूलतः लवन थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव का रहने वाला था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह किस काम से गिधपुरी इलाके में आया था और उसने यह कदम क्यों उठाया। परिजनों ने बताया है कि वह मानसिक रूप से परेशान था, हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से कर रही पूछताछ घटना स्थल पर पुलिया से सटा इलाका सुनसान होने के कारण आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, जिससे जांच में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इसके बावजूद, पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया कि जांच पूरी होने तक हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


