भीलवाड़ा में लोगों ने गुरुवार को टूटी सड़क पर केक काटकर इसका विरोध किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में गुरुवार को नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष की अगुवाई में टूटी सड़क पर केक हाथ में लेकर नारेबाजी करते हुए टूटी सड़क सही करने की मांग की गई। इस दौरान लोगों ने केक हाथ में लेकर चौराहे तक निकल नारेबाजी की और सीवरेज के चैंबर पर रखकर केक काट नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि जनप्रतिनिधि अब धन प्रतिनिधि बन गए हैं। पहली बरसात में बह गई सड़क नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक ने बताया कि अमृत 2 योजना में सड़क को खोदा गया और जो डामर डाली गई वो पहली बरसात में ही बह गई। आज 2 साल होने के बाद भी इस सड़क को सही नहीं किया गया है। आमजन परेशान हो रहा है मिट्टी में जीवन जीना पड़ रहा है यह बड़े दुर्भाग्य का विषय है। जनता धूल मिट्टी में जीने को मजबूर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल ने बताया कि वर्तमान में सभी जनप्रतिनिधि धन के प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं। जनता के दुख तकलीफों की उन्हें कोई चिंता नहीं है।आज पुराना आरटीओ ऑफिस रोड जो पश्चिम क्षेत्र के आने-जाने वाले नागरिकों की मुख्य सड़क है। इस सड़क पर उपमहापौर का कार्यालय भी है,इसके बावजूद यह सड़क ठीक नहीं हो रही है। जनता मिट्टी और धूल से अस्थमा की शिकार हो रही है टूटी सड़क पर चलने के कारण स्लिप डिस्क जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रही है। प्रशासन से मांग करते हैं कि इस सड़क को तुरंत सही करवाया जाए। इनकी रही मौजूदगी प्रदर्शन में पुष्कर पारीक,कुणाल सिंह पवार,निसार सिलावट, बकसू राम गुर्जर, शंभू लाल शर्मा, गोपाल लाल शर्मा, मोहम्मद इरफान, भरत बैरागी, रवि पवार,पार्षद वसीम शेख, इरशाद,वसीम कुरेशी शाहिद स्थानीय नागरिक दुकानदार उपस्थित थे।


