विदेशी नंबर देख पेड़ेवाले ने ब्लॉक कर दिया था:काउंटर पर पर्ची रख बरसाईं गोलियां, लिखा- अगली गोली तुझ पर चलेगी

झुंझुनूं के चिड़ावा में जिस पेड़ेवाले की दुकान पर फायरिंग हुई, उसे एक महीने से लगातार फोन पर फिरौती के लिए धमकी मिल रही थी। कॉलर विदेश नंबर से कॉल करता था, ऐसे में पेड़ेवाले ने कॉलर का नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद सोमवार शाम 1 करोड़ की रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग कर दी गई। पर्ची पर लिखा था- रुपया नहीं दिया तो अगली गोली तुझ पर चलेगी। मामला जिले के चिड़ावा कस्बे के मुख्य बाजार का है। बाजार में लालचंद पेड़ेवाले की दुकान है। सोमवार शाम 6.15 बजे हुई फायरिंग के बाद से यहां दहशत का माहौल है। मिठाईवाले का परिवार खौफ में है। इलाके के व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश है। एक महीने से आ रहे थे विदेशी नंबरों से कॉल व्यापारी सुभाष राव ने बताया- एक महीने से विदेशी नंबरों से फिरौती के लिए कॉल आ रहे थे। रिसीव नहीं कर रहा था। सोचा कि आजकल फ्रॉड के लिए कॉलिंग आती रहती है। पहले तो ऐसे कॉल उठाए नहीं और बाद में नंबर ब्लॉक कर दिए। रविवार को भी एक कॉल आया था। कॉलर ने पेड़े के भाव पूछे। इसके बाद पूछा कि मैं दुकान पर कब रहता हूं। दुकान पर कब कौन मिलेगा, इसकी जानकारी ली। मैंने सामान्य ग्राहक समझकर बात की थी। इसके बाद वॉट्सऐप पर दुकान के मिठाई के डिब्बे की फोटो भेजी। तब रंगदारी की बात नहीं हुई। सोमवार शाम 6.15 बजे के करीब मैं दुकान के पीछे मकान के पास बने कारखाने में पेड़े के लिए मावा तैयार कर रहे कर्मचारियों को संभालने गया था। उनसे बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनी। मैं और मेरे कर्मचारी दुकान की ओर दौड़े। जब तक हम पहुंचे, बदमाश फरार हो गए थे। घटना के वक्त भतीजा गगन काउंटर पर था। इसके अलावा कर्मचारी सुनील शर्मा मट्ठी-नमकीन पैक करा रहा था। संजय और दो अन्य कर्मचारी पेड़े की डिब्बों में पैकिंग कर रहे थे। काउंटर पर मेरा भतीजा गगन और अन्य कर्मचारी थे। मैंने भतीजे को संभाला। कर्मचारियों ने बताया कि फायरिंग हुई तो वे डिब्बों के पीछे छुप गए। एक गोली तराजू से टकराई। दुकान पर रखी पर्ची गगन ने मुझे दी। इसके बाद माजरा समझ में आया। पर्ची पर लिखा- अगली बार गोली सीधे तेरे ऊपर चलेगी व्यापारी सुभाष राव ने बताया-​​​​​ पर्ची में लिखा था- एक करोड़ रुपया तैयार कर लेना। वरना ये गोली आज तो तेरी दुकान पर चली है, अगली बार सीधे तेरे ऊपर ही चलेगी, अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना, ज्यादा खलीफा बनने की कोशिश मत करना। नहीं तो तेरी मौत का जिम्मेदार तू खुद होगा। दीषु चौधरी, प्रदीप पहलवान, प्रिंस डीडवाना, क्षत्रीय गैंग। पर्ची मिलने के बाद मैंने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। करीब 15 से 20 मिनट बाद पुलिस आई। डीएसपी और सीआई भी मौके पर पहुंचे। कर्मचारी बोला- काउंटर पर पर्ची रखी और फायरिंग हो गई कर्मचारी सुनील ने बताया- मैं मिठाई पैक कर रहा था। बाकी 3 कर्मचारी भी काम में लगे थे। काउंटर पर गगन बैठा था। अचानक 20-22 साल का लड़का आया। उसने काउंटर पर पर्ची रखी। इसके बाद अचानक फायरिंग हो गई। दुकान में हम 5 लोग थे। सभी काउंटर, टेबलों और मिठाई के डिब्बों के पीछे छिप गए। किसी को गोली नहीं लगी। एक गोली मेरे बिल्कुल पास से निकली। वह इलेक्ट्रिक तराजू से टकराई। पुलिस आई और लोगों की भीड़ लगी तब दहशत कुछ कम हुई। दुकान मालिक सुभाष राव हंसमुख स्वभाव के हैं। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं रही। दुकान के सीसीटीवी कैमरे खराब जानकारी में सामने आया कि लालचंद पेड़ेवाले की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। ऐसे में पुलिस को यहां से आरोपियों के फुटेज नहीं मिले। पास की दुकान में लगे कैमरे में एक युवक नजर आ रहा है। दूरी ज्यादा होने के कारण उसका चेहरा पहचान में नहीं आ सका। वारदात में 2 युवक थे जो बाइक पर आए थे। उनकी उम्र 20 से 22 साल के बीच है। दुकान में पर्ची रखने वाले युवक ने हुडी पहना था। दूसरा युवक बाइक लेकर पीडब्ल्यूडी दफ्तर के सामने खड़ा था। दुकान पर फायरिंग करने के बाद हुडी वाला युवक भागकर बाइक के पास पहुंचा। इसके बाद दोनों स्टेशन रोड की तरफ भाग गए। एसपी ने किया टीमों का गठन, सर्च ऑपरेशन जारी एसपी शरद चौधरी ने बताया- वारदात के बाद सीकर, रींगस, नीमकाथाना और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में टीमों को भेजा है। 6 टीमें गठित की हैं। व्यापारी के परिवार की सुरक्षा के लिए हथियारबंद जवान तैनात किए हैं। नंबरों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैस करने की कोशिश कर रहे हैं। वारदात के बाद से डर का माहौल व्यापारी सुभाष राव ने बताया- घटना के बाद से परिवार के सभी लोग और कर्मचारी डरे हुए हैं। पुलिस ने भरोसा दिया है कि पूरी सुरक्षा की जाएगी। आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे। भगवान का शुक्र है कि किसी को गोली नहीं लगी। शहर के मेन मार्केट में इस तरह की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। झुंझुनूं में गांधी चौक के शाह वाले कुएं के सामने भी मेरी शॉप है। फिरौती का यह पहला मामला नहीं मुकुंदगढ़ में ज्वेलर से मांगी थी 5 लाख की रंगदारी- 11 दिसंबर को मुकुंदगढ़ में एक ज्वेलर को विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप कॉल कर 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। कॉल करके कहा कि मैं सुमित गोदारा, लॉरेंस गैंग से बात कर रहा हूं। 12 दिसंबर की शाम तक 5 लाख रुपए नहीं दिए तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। मैसेज के साथ एक बैंक का खाता नंबर भी दिया गया था। इसके बाद फिर एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था- आपका व्यापार आगे नहीं चल पाएगा। 7 मई को गुढ़ागौड़जी में पर्ची थमाकर मांगे थे 50 लाख, फायरिंग भी की- इस साल 7 मई को गुढ़ागौड़जी में भी इस प्रकार की वारदात हुई थी। एक बाइक पर आए 3 बदमाशों ने गुढ़ागौड़जी में 50 लाख रुपए की रंगदारी के लिए पर्ची थमाकर 3 फायर किए थे। व्यापारी ने काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई थी। पर्ची में लिखा था- मैं कपिल शूटर, 50 लाख रुपए और मेरे भाइयों पर लगे मुकदमे में राजीनामा चाहता हूं। समय रहते ऐसा नहीं किया तो इस दुनिया से विदाई लेनी पड़ेगी। संजू भार्गव, गुजर वास, जय भगत सिंह ग्रुप, भाईचारा जिंदाबाद। घटना के बाद इलेक्ट्रिक एवं हार्डवेयर एसोसिएशन अध्यक्ष महेन्द्र धनखड़ के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी शरद चौधरी से मुलाकात की। चिड़ावा और आसपास के क्षेत्र को अतिसंवेदनशील मानते हुए चिड़ावा शहर में एएसपी कार्यालय खोलने की मांग की गई है। ये भी पढ़ें … चिड़ावा के मशहूर पेड़ेवाला की दुकान पर फायरिंग:बाइक पर आए 2 बदमाश, पर्ची फेंककर 1 करोड़ की रंगदारी मांगी; काउंटर पर लगी 2 गोलियां बाइक पर आए 2 बदमाशों ने पहले मिठाई की फेमस दुकान पर 1 करोड़ रुपए की फिरौती की पर्ची फेंकी। उसके बाद ताबड़तोड़ 3 राउंड फायर किए। फायरिंग में 2 गोलियां काउंटर पर और 1 दुकान के अंदर जाकर लगी। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *