लुधियाना के राहों रोड क्षेत्र में बुधवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद में मारपीट हो गई। इस घटना में कमल और हिमांशु नामक दो युवक घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल कमल ने आरोप लगाया कि करीब 30-40 लोग लाठियों और बेसबॉल डंडों से लैस होकर उनके घर पर अचानक हमला कर दिया। कमल के अनुसार, यह हमला पूर्वनियोजित था और उनके परिवार को निशाना बनाया गया था। उन्होंने दावा किया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज उनके पास है, जिसमें हमलावर स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घायल युवकों पर लड़की छेड़ने का आरोप वहीं, दूसरे पक्ष ने घायल युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घायल युवकों में से एक उनकी लड़की के साथ छेड़छाड़ करता था, जिसके कारण यह विवाद बढ़ा और मारपीट हुई।थाना टिब्बा के इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। थाना टिब्बा के इंचार्ज बलबीर सिंह ने आश्वासन दिया कि जांच निष्पक्ष होगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।


